


सुकमा जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। जिले के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गोलीबारी कुकनार थाना क्षेत्र के पुसगुणा गांव के जंगल में हुई। उन्होंने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सुबह पुलिस के डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और कुकनार पुलिस टीम के जवानों द्वारा एक तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद
दोपहर 2 बजे से सुरक्षाकर्मियों और माओवादियों के बीच कई बार गोलीबारी हुई। गोलीबारी बंद होने के बाद दो नक्सलियों, जिनमें एक महिला भी शामिल थी, के शव बरामद किए गए। उनके पास से एक इंसास राइफल, एक 12-बोर राइफल, अन्य हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री भी मिली है।
स्थानीय संगठन स्क्वॉड कमांडर मारा गया
अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पहचान के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में से एक पेदारस गांव का स्थानीय संगठन स्क्वॉड कमांडर बामन था, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम था। महिला नक्सली की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।