उत्तर भारत में सर्दियों की दस्तक के साथ मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते मैदानी राज्यों में भी ठंड तेजी से बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी जारी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी और हल्की बरसात होने के आसार हैं।
12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के 12 राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, गुजरात, मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में 5 नवंबर तक तेज बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में आज कई जगहों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी आज बर्फबारी की आशंका जताई गई है।
गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी चेतावनी जारी की है। इसमें अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। साथ ही गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और तेज बारिश होने की संभावना है।
यूपी में बढ़ेगा कोहरा, गिरेगा तापमान
उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह हल्की बारिश के बाद मौसम साफ हो गया। अब कई जिलों में सुबह कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 नवंबर तक यूपी में आसमान साफ रहेगा और अगले एक हफ्ते तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, पहाड़ों में बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से गिर सकता है।