


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बॉलीवुड के वरिष्ठ एक्टर गोवर्धन असरानी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। असरानी का सोमवार शाम निधन हो गया। असरानी ने 84 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे और बीते 5 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे उनके निधन से बॉलीवुड में हर कोई स्तब्ध है और शोक व्यक्त कर रहा है।
पीएम मोदी ने लिखा शोक संदेश
पीएम नरेंद्र मोदी ने गोवर्धन असरानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “गोवर्धन असरानी जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं… एक प्रतिभाशाली मनोरंजनकर्ता और वास्तव में बहुमुखी कलाकार, उन्होंने विभिन्न पीढ़ियों के दर्शकों का मनोरंजन किया। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”
पीएम मोदी के अलावा, गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राहुल गांधी ने भी एक्टर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है।
गृह मंत्री अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि
गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अभिनेता असरानी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने जीवन भर भारतीय सिनेमा में योगदान दिया और लोगों को हंसाकर लाखों लोगों के दिलों में जगह बनाई… भगवान उन्हें शांति दे और परिवार वालों को दुख सहने की शक्ति।”
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी गोवर्धन असरानी को याद किया है और उन्हें कॉमेडी की दुनिया का किंग बताया है। उन्होंने लिखा, “अपनी एक्टिंग की कला से दशकों से देशवासियों का मनोरंजन करने वाले गोवर्धन असरानी के देहांत की दुखद ख़बर मिली। प्रभु दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।”