देश के कई हिस्सों में मौसम ने ठंड का संकेत देना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के बाद से सुबह कोहरे का दौर देखा जा रहा है, जबकि दक्षिण और पश्चिमी हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दक्षिण कर्नाटक, केरल, मणिपुर और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में शुक्रवार (24 अक्टूबर) को मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह हल्की धुंध या कोहरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दिल्ली की वायु गुणवत्ता काफी खराब है। आनंद विहार में AQI 428 दर्ज किया गया, जो सभी निगरानी स्टेशनों में सबसे अधिक है। अधिकांश अन्य स्टेशनों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही।
यूपी में पारा गिरेगा
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क और साफ है। मौसम विभाग के अनुसार, कोई सक्रिय मौसम तंत्र इस समय प्रभावी नहीं है। लेकिन 29 अक्टूबर से दक्षिणी यूपी में मौसम बदल सकता है। अगले 3-4 दिनों में पश्चिमी यूपी में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री और पूर्वी यूपी में 3-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। पश्चिमी और मध्य यूपी में रात का पारा 16-18 डिग्री और पूर्वी यूपी में 20-22 डिग्री तक रहेगा। कुल मिलाकर प्रदेश का मौसम अगले कुछ दिनों तक शुष्क और सुहावना रहेगा।
बिहार में छठ पूजा पर मौसम
बिहार में छठ पूजा के दौरान मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। नहाय-खाय और खरना के दिन मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन संध्या और सुबह अर्घ्य के समय हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 27 अक्टूबर को जमुई और भागलपुर में बारिश होने की संभावना है। 28 अक्टूबर को नवादा, जमुई और बांका में छिटपुट बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में हल्की बारिश की संभावना है।