जल संचय के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य और जनभागीदारी की अनूठी पहल के लिए गुना नगरीय निकाय को छठे राष्ट्रीय जल पुरस्कार में सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में गुना नगर पालिका परिषद को पुरस्कृत किया। इस उपलब्धि के साथ गुना देश के श्रेष्ठ 50 शहरी निकायों में स्थान बनाने में सफल रहा। कार्यक्रम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल भी मौजूद रहे। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने गुना नगर पालिका परिषद और उसकी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान प्रभावी क्रियान्वयन और सामुदायिक सहयोग का परिणाम है।
लक्ष्य से अधिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर बनाए
केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने जल संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर जल पुरस्कारों की घोषणा की थी। इस अभियान के अंतर्गत गुना नगर पालिका परिषद ने जल संचय के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की और पूरे नगरीय क्षेत्र में 2,231 रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के जियो टैग फोटो पोर्टल पर अपलोड किए, जो निर्धारित लक्ष्य से अधिक हैं। इसके साथ ही शहर के कुंओं और बावड़ियों का जीर्णोद्वार कर उनके पुनर्जीवन का कार्य भी व्यापक स्तर पर किया गया।