छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर सहित मध्य और उत्तरी हिस्सों में दिवाली के दिन मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को पूरे दिन उमस भरा मौसम रहेगा, आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना भी बनी हुई है।वहीं, रात के समय तापमान में गिरावट से हल्की ठंडक बढ़ेगी, जिससे दिवाली की रात सर्द महसूस हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया है कि प्रदेश में इस समय शुष्क मौसम का प्रभाव बना हुआ है।लेकिन, दक्षिण-पश्चिम मानसून और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण सोमवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है।
इसका असर दिन में उमस और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के रूप में देखा जा सकता है।
गिर रहा है रात का तापमान
रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 32.0°C, जबकि न्यूनतम तापमान 20.5°C दर्ज किया गया।
दिन में आर्द्रता 50% रही, जो शाम होते-होते बढ़कर 62% तक पहुंच गई।
हवा की गति धीमी होने के कारण दिन में अधिक उमस महसूस की गई।
कैसा रहेगा दिवाली का मौसम?
रायपुर और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना है।
रात का तापमान लगभग 21°C रहने की संभावना है, जिससे ठंडक का अहसास बढ़ेगा।
मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है।