मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से चीता संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता सामने आई है। भारत में जन्मी पहली मादा चीता ‘मुखी’ ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। 33 महीने की उम्र में मुखी अब भारत में जन्मी पहली चीता बन गई है जिसने सफलतापूर्वक प्रजनन किया है।
कुनो नेशनल पार्क के अधिकारियों के अनुसार, मादा चीता मुखी और उसके नवजात शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं। ये शावक नामीबिया से आई मादा चीता ‘सिया’ और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए नर चीता ‘अग्नि’ की संतान हैं।
मुखी स्वयं प्रोजेक्ट चीता के तहत सितंबर 2022 में लाए गए चीतों की पहली भारतीय पीढ़ी का हिस्सा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस उपलब्धि पर सोशल मीडिया पर खुशी जताते हुए लिखा, "कूनो से बहुत बड़ी खुशखबरी! भारत में जन्मी हमारी चीता मुखी ने 5 शावकों को जन्म दिया है। यह प्रोजेक्ट चीता की अब तक की सबसे बड़ी सफलता है। माँ और सभी शावक स्वस्थ हैं। मध्यप्रदेश और देश के लिए यह गर्व का क्षण है।"