रूड़की की नगरपंचायत पिरान कलियर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया। वर्षों से चौकी-आधारित प्रणाली पर संचालित हो रहा पिरान कलियर थाना अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त अपना स्थायी भवन प्राप्त करने जा रहा है। मुख्य चौक स्थित भूमि पर विधिवत पूजन के बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से भवन निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि नया थाना भवन लोक-सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भूमि की वैधानिक स्थिति स्पष्ट कर प्रशासन के लिए आरक्षित कर दी गई है। नया थाना भवन कांवड़ यात्रा और उर्स जैसे बड़े आयोजनों के दौरान पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता को और सशक्त बनाएगा।
नए भवन में आधुनिक सुविधाएँ, सीसीटीवी प्रणाली, रिकॉर्ड रूम और महिला हेल्प डेस्क जैसी जरूरी व्यवस्थाएँ उपलब्ध होंगी। 2015 में दो चौकियों के विलय से बने इस थाने को करीब दस वर्षों बाद स्थायी भवन मिलने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाएँ और अधिक मजबूत होंगी।