


प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बनी दो सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण हवाओं के साथ नमी आ रही है, जिससे कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या बूंदाबांदी दर्ज की गई है। बदलते मौसम के कारण रात के तापमान में भी इजाफा देखने को मिल रहा है।
किन इलाकों में हुई बारिश
शनिवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान रीवा में 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 22 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। दिन का सबसे अधिक तापमान गुना में 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3 से 4 दिन तक प्रदेश का मौसम इसी तरह बना रह सकता है। भोपाल, जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर और उज्जैन संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं।
कहां-कहां बनी हैं मौसम प्रणालियां
दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र में हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात अब केरल और कर्नाटक तट के पास गहरे कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है, जो अब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।
दूसरी ओर, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है, जो 24 अक्टूबर तक कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है।
इसके अलावा, 21 अक्टूबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है।
इस समय हवाओं का रुख पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। इन हवाओं के साथ आ रही नमी की वजह से बादल छाए हुए हैं। अगले कुछ दिनों तक भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।