


होलिका दहन के लिए जनपद में सभी जगहों पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। गुरुवार रात 10:44 से 11:45 तक होलिका दहन का मुहूर्त है। इसके बाद शुक्रवार को रंग खेला जाएगा। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन के साथ नगर निकायों व अन्य विभागों ने भी अपनी कमर कस ली है।
होली के दिन विशेष इंतजाम
होली शुक्रवार को है, इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग जुम्मा की नमाज भी अदा करते हैं। ऐसे में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने जिले को छह जोन, 14 सेक्टर और 18 सब-सेक्टरों में बांटा है।
होलिका दहन स्थलों पर विशेष व्यवस्था
इसके अलावा, जिले भर में 1212 जगहों पर होलिका दहन होगा, जहां पुलिस के एक नोडल अधिकारी को तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था को लेकर नगर निकायों ने भी अपनी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली हैं। सुबह के समय पानी सप्लाई में कटौती करके, दोपहर में लोगों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था
इसके अतिरिक्त, बुधवार को चंदौसी नगर पालिका क्षेत्र में होलिका दहन स्थलों पर रंगोली आदि बनाने का कार्य भी चल रहा था। वहीं इस दिन होने वाली घटनाओं और दुर्घटनाओं से निपटने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। यहां आपातकालीन सेवाओं से जुड़े सभी कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर ड्यूटी पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है।